

स्थान : बाजपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

बाजपुर दीवानी न्यायालय परिसर में विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि उपनाजिर के पद पर तैनात ओम बाबू चौहान को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर पकड़ा।


विजिलेंस की कार्रवाई के बाद न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टीम द्वारा कर्मचारी को हिरासत में लेने की कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं ने इसका विरोध शुरू कर दिया।



अधिवक्ताओं और विजिलेंस टीम के बीच तीखी बहस हुई। मामला बढ़ता देख पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।


इस दौरान कोर्ट परिसर का माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा। अधिवक्ताओं ने विजिलेंस टीम की कार्रवाई का विरोध करते हुए नाराजगी जताई।
इसी बीच आरोप है कि शिकायतकर्ता के भाई के कोर्ट परिसर पहुंचने पर कुछ अधिवक्ताओं ने उसके साथ मारपीट कर दी। बताया गया कि वह विजिलेंस कार्रवाई के दौरान अपने भाई से मिलने के लिए न्यायालय पहुंचा था।

मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में कुछ लोग शिकायतकर्ता के भाई के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।


विजिलेंस टीम ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रखी है। वहीं, कोर्ट परिसर में हुई मारपीट की घटना को लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

