

स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के भीमताल स्थित रामलीला मैदान में आयोजित पारंपरिक हरेला मेले का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने मेले का उद्घाटन करते हुए हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं और लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की।


मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल का हरेला मेला पूर्वजों के समय से चला आ रहा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व रखने वाला आयोजन है। उन्होंने कहा कि इस मेले का पौराणिक महत्व भी है और यह लोगों को आपस में जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने मेले को और अधिक भव्य एवं विस्तारित स्वरूप देने के लिए प्रयास किए जाने की बात कही।



उन्होंने कहा कि हरेला पर्व हरियाली और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक है। प्रत्येक व्यक्ति को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए, ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे।


कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अपनी संस्कृति और विरासत को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोक परंपराओं को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने की दिशा में लगातार कार्य करने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने वृक्षारोपण भी किया और लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सीमा टम्टा, जिला मंत्री मनोज भट्ट, मंडल अध्यक्ष कमल जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।



