कालाढूंगी में सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर पहाड़ी आर्मी की चौपाल, हरीश रावत ने उठाए सवाल

कालाढूंगी में सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर पहाड़ी आर्मी की चौपाल, हरीश रावत ने उठाए सवाल

स्थान : कालाढूंगी
ब्यूरो रिपोर्ट

विधानसभा क्षेत्र कालाढूंगी के बच्ची नगर लक्ष्मी कॉलोनी में सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर पहाड़ी आर्मी ने जन चौपाल आयोजित की। चौपाल में स्थानीय लोगों ने लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को संगठन के सामने रखा और जल्द समाधान की मांग की।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कॉलोनी में पिछले करीब 20 वर्षों से सड़क की समस्या बनी हुई है। जलभराव के कारण कई परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और बारिश के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। लोगों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

चौपाल में पहुंचे पहाड़ी आर्मी के संस्थापक अध्यक्ष हरीश रावत ने विधायक बंशीधर भगत पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर जनप्रतिनिधियों को गंभीरता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय किए गए वादे बाद में भुला दिए जाते हैं, जिससे आम जनता परेशान होती है।

हरीश रावत ने कहा कि विकास केवल कागजों और योजनाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका लाभ धरातल पर जनता तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर जल्द ही जिलाधिकारी से मुलाकात की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर विधायक, सांसद तथा प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों का घेराव भी किया जाएगा।

स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण और जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे जिलाधिकारी कार्यालय और विधायक कार्यालय का घेराव करने को मजबूर होंगे।

इस अवसर पर पहाड़ी आर्मी के जिला अध्यक्ष फौजी राजेंद्र कांडपाल, युवा जिला अध्यक्ष देवेंद्र सालाकोटी, महिला जिला अध्यक्ष प्रेमा मेर, नगर अध्यक्ष कविता जीना, नगर उपाध्यक्ष मनोज रावत सहित संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।