खटीमा के नवनिर्वाचित ग्राम उप प्रधानों का सम्मान, विकास कार्यों में जुटने का आह्वान

खटीमा के नवनिर्वाचित ग्राम उप प्रधानों का सम्मान, विकास कार्यों में जुटने का आह्वान

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर जनपद के खटीमा क्षेत्र में हाल ही में निर्वाचित हुए ग्राम उप प्रधानों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने अपने आवास पर नवनिर्वाचित उप प्रधानों को आमंत्रित कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

सम्मान समारोह के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने सभी उप प्रधानों को अपने हाथों से माला पहनाकर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर जीत की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनता ने जिन प्रतिनिधियों पर विश्वास जताया है, उन्हें पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने-अपने गांवों के विकास के लिए कार्य करना चाहिए।

अजय मौर्या ने कहा कि ग्राम पंचायतों के विकास में उप प्रधानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित उप प्रधानों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सभी उप प्रधान अपने क्षेत्रों की समस्याओं को समझते हुए ग्रामीणों के हित में कार्य करें और गांवों के सर्वांगीण विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।

सम्मान समारोह के दौरान नवनिर्वाचित उप प्रधानों ने जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने-अपने ग्राम पंचायतों के विकास, जनसेवा और क्षेत्र की उन्नति के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।