

स्थान : हरिद्वार
रिपोर्टर : धर्मराज

लोकपर्व हरेला के अवसर पर हरिद्वार लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रतिभाग कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कांगड़ी ग्राम स्थित प्रेम निवास आश्रम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद ने साधु-संतों, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ पौधारोपण किया।


इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में मौसमी फल आम की पार्टी का भी आयोजन किया गया, जिसमें सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने स्वयं लोगों को आम वितरित किए और सभी के साथ फल का आनंद लिया।



सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की संस्कृति और प्रकृति संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण लोकपर्व है। उन्होंने कहा कि इस पर्व के अवसर पर पूरे प्रदेश में लाखों पौधे लगाए जा रहे हैं और बड़ी संख्या में लोग पर्यावरण संरक्षण की मुहिम से जुड़ रहे हैं।


उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों का संरक्षण करना भी सभी की जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रकृति संरक्षण के लिए आगे आए तो प्रदेश को हराभरा बनाने के साथ पर्यावरण संतुलन को भी मजबूत किया जा सकता है।

कार्यक्रम में साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।


