हरेला पर पौड़ी में हरियाली का संकल्प, जनपदभर में लगाए गए 75 हजार से अधिक पौधे

हरेला पर पौड़ी में हरियाली का संकल्प, जनपदभर में लगाए गए 75 हजार से अधिक पौधे

स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

लोकपर्व हरेला के अवसर पर पौड़ी जनपद में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। जिला मुख्यालय से लेकर सभी विकासखंडों, तहसीलों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और सरकारी संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों के तहत हजारों पौधे लगाए गए। इस दौरान लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधरोपण किया। जनपदभर में चले अभियान के तहत लगभग 75 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि अभियान के अंतर्गत हिमालयी पारिस्थितिकी के लिए महत्वपूर्ण स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इनमें देवदार, बांज, बुरांश, काफल और अंगू जैसी प्रजातियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये पौधे जल संरक्षण, जैव विविधता के संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी और संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाएं।

प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव ने बताया कि जनपद के सभी क्षेत्रों में हरेला पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया। उन्होंने कहा कि अभियान में छात्रों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। लगभग एक लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित इस अभियान ने पौड़ी जनपद में प्रकृति संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को मजबूत किया और हरित उत्तराखंड के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान की।