

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

शहर में लगातार बढ़ रही बिजली समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश गुरुवार को सड़कों पर दिखाई दिया। स्मार्ट मीटर, अघोषित बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज जैसी समस्याओं से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी के नेतृत्व में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यालय परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।



कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप था कि शहरवासी लंबे समय से बिजली कटौती, लो वोल्टेज और तकनीकी समस्याओं से परेशान हैं, लेकिन विभाग की ओर से शिकायतों का प्रभावी समाधान नहीं किया जा रहा है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार जनप्रतिनिधियों के फोन तक नहीं उठाए जाते, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।


कई घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की। उन्होंने बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय मांगा और जल्द सुधार का आश्वासन दिया।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद कांग्रेस ने फिलहाल अपना धरना समाप्त कर दिया। हालांकि कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र किया जाएगा।


