

ब्यूरो रिपोर्ट

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। शुक्रवार को जिले के सभी स्कूलों में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है। अचानक जारी किए गए इस आदेश के बाद बच्चों और अभिभावकों को राहत मिली है।


प्रशासन के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें और सतर्क रहें।


बताया जा रहा है कि बिलासपुर में गुरुवार रात से ही तेज बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। इससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शहर के श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार, मित्र विहार, सरकंडा के बंधवापारा, जोरापारा और शिवम होम्स सहित कई क्षेत्रों में पानी भर गया है। कई जगहों पर सड़कों पर जलभराव के कारण आवाजाही भी प्रभावित हुई है।
भारी बारिश के चलते प्रशासन और संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। नगर निगम की टीमों द्वारा जल निकासी की व्यवस्था के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी भी की जा रही है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन और संबंधित विभागों से संपर्क करने की सलाह दी गई है।


मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।

