हल्द्वानी में नहर से युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

हल्द्वानी में नहर से युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

बरेली रोड क्षेत्र में नहर से एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। बाद में शव की पहचान धौलाखेड़ा निवासी रिंकू मौर्य के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार हरियाल मोटर्स के पास स्थित नहर में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। तलाशी के दौरान युवक की जेब से शराब की बोतल बरामद हुई, जबकि उसके हाथ पर “रिंकू” नाम गुदा हुआ था। इसी आधार पर पुलिस ने परिजनों की तलाश शुरू की।

गुरुवार को मोर्चरी पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान रिंकू मौर्य के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

कोतवाली बनभूलपुरा के प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि रिंकू लंबे समय से अस्वस्थ था और उसे मिर्गी के दौरे भी आते थे। प्रारंभिक आशंका है कि नहर किनारे बैठे समय चक्कर आने से वह संतुलन खो बैठा और नहर में गिर गया।

पुलिस का कहना है कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।