

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरेला पर्व के अवसर पर अल्मोड़ा स्थित प्राचीन शिवधाम वृद्ध जागेश्वर पहुंचकर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। उन्होंने देवाधिदेव महादेव से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए राज्य की निरंतर प्रगति एवं जनकल्याण के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।


मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर श्री वृद्ध जागेश्वर धाम में श्रद्धा स्वरूप डेढ़ क्विंटल वजनी घंटी भेंट की। मंदिर परिसर में उन्होंने कन्या पूजन किया तथा कन्याओं को प्रसाद वितरित कर भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।



प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वृद्ध जागेश्वर धाम देश के प्रमुख एवं प्राचीन शिव मंदिरों में से एक है, जिसकी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान पूरे देश में है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विकास परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।


पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मूलभूत व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि वृद्ध जागेश्वर धाम आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं।

इस अवसर पर विधायक मोहन सिंह मेहरा, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, मंदिर समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


