

स्थान : लालकुआँ
रिपोर्टर : मुन्ना अंसारी

उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने हरेला पर्व के अवसर पर गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित “हरित यज्ञ” कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा 50 हजार पौधे लगाने के संकल्प की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।


राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड का लोकपर्व हरेला प्रकृति, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि वृक्षारोपण ही जलवायु संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है।



विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि 16 जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पौधे लगाएंगे। इसके साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्धन का भी संकल्प लिया गया है।


राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि हरेला पर्व केवल पौधारोपण का उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने हरित भविष्य के निर्माण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प दोहराया।


