

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

ऊधमसिंह नगर जनपद के बाजपुर क्षेत्र स्थित मुंडिया पिस्तौर गांव में बुधवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब दिल्ली से आई नशा मुक्ति केंद्र की टीम पर एक युवक ने तलवार से हमला कर दिया। हमले में टीम के एक सदस्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।


जानकारी के अनुसार, दिल्ली स्थित नशा मुक्ति केंद्र की टीम मुंडिया पिस्तौर निवासी नशे के आदी युवक यशदीप सिंह संधू को उपचार के लिए अपने साथ ले जाने पहुंची थी। इसी दौरान युवक ने अचानक धारदार तलवार से टीम के सदस्यों पर हमला कर दिया। हमले में एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।



घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए।

एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर ने बताया कि दिल्ली से आई नशा मुक्ति केंद्र की टीम पर युवक द्वारा तलवार से हमला किए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


