हरेला पर हरिद्वार में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

हरेला पर हरिद्वार में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर हरिद्वार में प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन विभाग के नगर वन परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान गढ़वाल मंडल के आयुक्त, जिलाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा स्थानीय नागरिकों ने मिलकर करीब 200 पौधों का रोपण किया और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान बरगद, पीपल, रुद्राक्ष सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ वातावरण के लिए पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया।

जिला प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान बनाते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, बेहतर जलवायु और सुरक्षित भविष्य मिल सकेगा। हरेला पर्व हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।