केलाखेड़ा में घर से लाखों के जेवर-नकदी चोरी, जांच में जुटी पुलिस

केलाखेड़ा में घर से लाखों के जेवर-नकदी चोरी, जांच में जुटी पुलिस

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

ऊधम सिंह नगर जनपद के केलाखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव शौकानगला में देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर की खिड़की के रास्ते अंदर दाखिल हुए और कमरे में रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी चोरी कर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के लोग घर में मौजूद थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह जब परिवार के सदस्यों को घर में सामान बिखरा हुआ मिला तो चोरी की घटना का पता चला। इसके बाद पूरे परिवार में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने पुलिस को मामले की सूचना दी, जिसके बाद केलाखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने पीड़ित परिवार से भी घटना की पूरी जानकारी ली है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी की घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है। मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, गांव में हुई चोरी की वारदात के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।