

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

उत्तराखंड शासन ने हल्द्वानी नगर निगम में आठ नामित सदस्यों की नियुक्ति की है। उप सचिव प्रदीप कुमार शुक्ल द्वारा जारी आदेश के अनुसार विनीत पांडे, अनिल बंसल, पनराम, भारत बिष्ट, जानकी पोखरिया, देवकीनंदन जोशी, हरीश जोशी सहित कुल आठ लोगों को नगर निगम का नामित सदस्य बनाया गया है।


नामांकन की घोषणा के बाद सभी नव-नामित सदस्यों ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, संगठन और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया जाएगा तथा नगर के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई जाएगी।



नव-नामित सदस्यों ने कहा कि वे नगर निगम के माध्यम से जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देंगे और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए धन्यवाद दिया।

नामित सदस्य बनाए जाने पर भाजपा जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के पदाधिकारियों और संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि नए सदस्य नगर निगम के विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस अवसर पर नवाबी रोड स्थित विनीत पांडे के आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। समर्थकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उनका स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

बधाई देने वालों में वरिष्ठ पत्रकार संजय जोशी, अधिवक्ता आनंद पांडे, भुवन जोशी, प्रधानाचार्य अजय जोशी, कमला जोशी, आशीष गुप्ता, दीक्षा जोशी, रजत तिवारी, कविता जोशी, धीरज तिवारी, अदिति, ऋचा पंत, मनोज पंत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


नव-नामित सदस्यों ने कहा कि वे नगर निगम और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए शहर के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और नागरिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का प्रयास करेंगे।
नगर निगम में नामित सदस्यों की नियुक्ति को स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे नगर निगम की विभिन्न समितियों और विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी और प्रभावी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

