

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

जनपद नैनीताल में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए मंगलवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नैनीताल-ऊधमसिंहनगर के सांसद एवं दिशा समिति के अध्यक्ष अजय भट्ट ने की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से आम जनता तक पहुंचना चाहिए।


बैठक में सांसद ने तीन माह पूर्व दिए गए निर्देशों की समीक्षा करते हुए अधिकांश विभागों के कार्यों पर संतोष जताया, लेकिन जिन विभागों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिली, वहां जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।



विद्युत विभाग की 351 करोड़ रुपये की आरडीएसएस योजना की समीक्षा के दौरान सांसद ने कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर जनप्रतिनिधियों को योजनाओं की जानकारी तक नहीं है। इस मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए गए। साथ ही स्मार्ट मीटरों से बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायतों का शीघ्र समाधान करने और उपभोक्ताओं को पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।


स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा के दौरान सांसद ने गेठिया में निर्माणाधीन मानसिक चिकित्सालय को सितंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल शुरू होने से कुमाऊं मंडल के मरीजों को इलाज के लिए देहरादून नहीं जाना पड़ेगा। वहीं भवाली में प्रस्तावित मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल की प्रक्रिया को भी न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप शीघ्र आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में मानसून और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा हुई। सांसद ने लालकुआं के श्रीलंका टापू क्षेत्र में स्वास्थ्य, राशन, बिजली और दवाइयों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पर्वतीय क्षेत्रों के लिए तीन माह का राशन, गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडारण करने तथा वितरण व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

बरेली रोड, गोरापड़ाव, लालकुआं रोड और तीनपानी बाईपास पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद ने एनएचएआई को दुर्घटना संभावित स्थलों पर स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरे और आवश्यक संकेतक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही यूपीसीएल को पूरी रात बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और पुलिस को रात्रि चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। काठगोदाम मोटर पुल, अमृतपुर बाईपास, मोबाइल नेटवर्क विस्तार और यूयूएसडीए के कार्यों की भी समीक्षा करते हुए पहले क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत पूरी करने पर जोर दिया गया।


बैठक में किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, गौशालाओं के विस्तार, जर्जर विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण, मशरूम उत्पादन सहित स्वरोजगार योजनाओं तथा एचपीसीएल गैस पाइपलाइन परियोजना की भी समीक्षा की गई। सांसद ने सभी पात्र किसानों को किसान सम्मान निधि से जोड़ने, शिक्षकों की कमी दूर करने और विभिन्न विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, विधायक सुमित हृदयेश, विधायक सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

