

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

समाज कल्याण विभाग केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत दिव्यांगजनों एवं 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध करा रहा है। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर जीवन जीने में सहायता प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।


जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपंकर घिल्डियाल ने बताया कि रायपुर स्थित एनआईबीएच (राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान) परिसर में प्रधानमंत्री दिव्यांगता केंद्र संचालित किया जा रहा है। यहां पात्र लाभार्थियों को व्हीलचेयर, बैसाखी, वॉकर सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।



उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया बेहद सरल रखी गई है। दिव्यांगजनों को केवल अपना यूडीआईडी (UDID) कार्ड प्रस्तुत करना होगा, जबकि वरिष्ठ नागरिकों को संबंधित क्षेत्र के ग्राम प्रधान या पार्षद द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र जमा करना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इसके लिए किसी जटिल औपचारिकता की आवश्यकता नहीं है।


दीपंकर घिल्डियाल ने कहा कि समाज कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान प्रदेश में करीब 22 हजार लाभार्थियों को निशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। विभाग का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक इन योजनाओं से लाभान्वित होकर अपने दैनिक जीवन को सुगम बना सकें।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि जो भी पात्र व्यक्ति अभी तक इन योजनाओं का लाभ नहीं ले पाए हैं, वे समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित शिविरों अथवा प्रधानमंत्री दिव्यांगता केंद्र से संपर्क कर आवेदन करें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।


उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। विभाग इस दिशा में लगातार कार्य कर रहा है ताकि दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

