खटीमा में एसआईआर अभियान के तहत एईआरओ को दिया प्रशिक्षण

खटीमा में एसआईआर अभियान के तहत एईआरओ को दिया प्रशिक्षण

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर
: अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर के खटीमा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। तहसील सभागार में हुए इस प्रशिक्षण में अधिकारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की आगामी प्रक्रिया, नोटिस जारी करने, दावे-आपत्तियों के निस्तारण तथा अंतिम निर्वाचन नामावली के प्रकाशन तक की पूरी कार्ययोजना की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीएलएमटी देवेंद्र सिंह ने बताया कि प्री-एसआईआर अभियान के दौरान मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूरा किया गया था। इसके बाद गणना प्रपत्रों का वितरण किया गया और बीएलओ द्वारा भरे गए सभी प्रपत्रों को बीएलओ ऐप के माध्यम से अपलोड कर डिजिटल रूप से सुरक्षित किया गया।

उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के पूर्ण होने के बाद प्रारंभिक (ड्राफ्ट) मतदाता सूची जारी कर दी गई है। अब जिन मतदाताओं की मैपिंग में किसी प्रकार की विसंगति सामने आई है, उन्हें बीएलओ के माध्यम से नोटिस जारी किए जाएंगे।

इसके लिए 12 एईआरओ की नियुक्ति की गई है, जो जारी किए गए नोटिसों की सुनवाई करेंगे और नियमानुसार उनका निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त दावे और आपत्तियों का भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत समाधान किया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया में पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सावधानी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि प्रत्येक मामले का तथ्यों के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

अधिकारियों ने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम किसी कारणवश प्रारंभिक सूची से हट गए हैं, उन्हें नियमानुसार पुनः आवेदन करने का अवसर मिलेगा। पात्र नागरिक आवश्यक प्रपत्र भरकर अपने नाम को मतदाता सूची में शामिल करा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि सभी दावे, आपत्तियों और नोटिसों के निस्तारण के बाद 15 सितंबर को अंतिम निर्वाचन नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद एसआईआर अभियान की प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार वीरेंद्र सजवाण, आर.के. जगमोहन त्रिपाठी, गुणवंत, रामअवतार सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।