

स्थान : ऊधमसिंह नगर
ब्यूरो रिपोर्ट

ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बाहरी राज्यों से जारी संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 108 संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस धारकों से 119 हथियार बरामद किए हैं। इस कार्रवाई का खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने प्रेस वार्ता में किया।


एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि जिले में बड़ी संख्या में ऐसे शस्त्र लाइसेंस धारक चिन्हित किए गए हैं, जिन्होंने बाहरी राज्यों से हथियारों के लाइसेंस बनवाए हैं। प्रारंभिक जांच में सबसे अधिक लाइसेंस पंजाब राज्य से जारी होने की जानकारी सामने आई है।



उन्होंने बताया कि ऊधम सिंह नगर पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) संयुक्त रूप से संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों की जांच कर रही है। अभियान के दौरान अब तक कई फर्जी और अवैध लाइसेंसों का खुलासा हो चुका है।


पुलिस के अनुसार जांच के क्रम में 108 संदिग्ध लाइसेंस धारकों से कुल 119 हथियार बरामद किए गए हैं। सभी हथियारों और लाइसेंसों की वैधता की विस्तृत जांच की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि पूर्व में भी इस अभियान के दौरान कई फर्जी शस्त्र लाइसेंस सामने आए थे, जिनके आधार पर कई आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। अब भी जांच लगातार जारी है और नए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बरामद किए गए सभी हथियार पुलिस अभिरक्षा में रखे गए हैं। संबंधित लाइसेंसों के दस्तावेजों और उनके जारी होने की प्रक्रिया की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता का पता लगाया जा सके।


पुलिस का कहना है कि यदि जांच में कोई शस्त्र लाइसेंस फर्जी या नियमों के विरुद्ध जारी पाया जाता है तो संबंधित धारकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अवैध शस्त्रों और फर्जी लाइसेंसों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और अवैध हथियारों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

