राहुल गांधी कार्यक्रम को लेकर गोदियाल ने स्थिति की साफ

राहुल गांधी कार्यक्रम को लेकर गोदियाल ने स्थिति की साफ

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आगामी परेड ग्राउंड कार्यक्रम को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है और भ्रामक खबरों से बचने की अपील की है।

गणेश गोदियाल ने बताया कि परेड ग्राउंड में कार्यक्रम के लिए नगर निगम द्वारा निर्धारित धनराशि जमा कराई जा चुकी है। इसके अनुसार 15, 16 और 17 जुलाई को ग्राउंड कांग्रेस कार्यक्रम के लिए उपलब्ध कराया जाना है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्यक्रम को लेकर कुछ भ्रामक सूचनाएं प्रसारित हो रही हैं, जो सही नहीं हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि बिना पुष्टि के इस तरह की खबरें प्रसारित न की जाएं, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम की अनुमति को लेकर उनकी मजिस्ट्रेट से बातचीत हुई है। बातचीत में कार्यक्रम में किसी भी तरह के बदलाव या अनुमति रद्द होने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से केवल कानून व्यवस्था से जुड़े पहलुओं पर रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट की औपचारिक मंजूरी मिलते ही परेड ग्राउंड का आवंटन सुनिश्चित कर दिया जाएगा।

गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस का कार्यक्रम निर्धारित समय और स्थान पर ही प्रस्तावित है। उन्होंने प्रशासन से भी अपेक्षा जताई कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी कर कार्यक्रम के लिए व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा महत्वपूर्ण है और कांग्रेस कार्यकर्ता इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी स्तर पर लगातार तैयारियां की जा रही हैं।