

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी प्रेस क्लब द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी राहुल आनंद ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए शहर की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने शहर की ज्वलंत समस्याओं को लेकर सवाल किए, जिनका एसडीएम ने बेबाकी से जवाब दिया।


संवाद कार्यक्रम में मसूरी में बढ़ती जाम की समस्या, पर्यटन दबाव, पार्किंग व्यवस्था और यातायात से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। उप जिलाधिकारी राहुल आनंद ने शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव पर चिंता जताते हुए कहा कि जाम की समस्या के समाधान के लिए शासन स्तर पर अधिक से अधिक पॉकेट पार्किंग विकसित करने की जरूरत है।


उन्होंने कहा कि मसूरी जैसे पर्यटन शहर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में बेहतर पार्किंग व्यवस्था समय की मांग है। उन्होंने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।

एसडीएम ने रेंटल स्कूटी और टैक्सी संचालन को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय लोगों की सहभागिता भी जरूरी है। आम जनता के सहयोग से ही शहर में व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जा सकता है।
उन्होंने मसूरीवासियों से अपील करते हुए कहा कि मसूरी केवल एक शहर नहीं बल्कि देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख पर्यटन स्थल है। इसलिए इसे स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है।

उप जिलाधिकारी राहुल आनंद ने कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रम लगातार होने चाहिए, क्योंकि इससे प्रशासन को जनता और पत्रकारों के माध्यम से शहर की वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।


उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य शहर के विकास और जनता की सुविधाओं को प्राथमिकता देना है। पर्यटन नगरी मसूरी को बेहतर बनाने के लिए सभी विभागों और नागरिकों के सहयोग से कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने शहर की समस्याओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। एसडीएम ने सभी सुझावों को सकारात्मक रूप से लेते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।

