

स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

ऊधम सिंह नगर जिले में लगातार बढ़ रही फायरिंग की घटनाओं के बीच बन्नाखेड़ा क्षेत्र में एक बार फिर गोलीबारी का मामला सामने आया है। दाबका नदी के किनारे दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवक गोली लगने से घायल हो गया।


घटना ऊधम सिंह नगर के बन्नाखेड़ा क्षेत्र में दाबका नदी के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर मामला हाथापाई तक पहुंच गया और इसके बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी।



फायरिंग की घटना में मनदीप सिंह नाम का युवक गोली लगने से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।


घटना की सूचना मिलते ही बन्नाखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के घरों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, घटना के बाद आरोपी पक्ष के फरार होने की जानकारी सामने आई है।
एसपी काशीपुर स्पंदन कुमार और बाजपुर कोतवाल नरेश चौहान से फोन पर बातचीत में उन्होंने फायरिंग की घटना की पुष्टि की है। कोतवाल नरेश चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रास्ते के विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

वहीं घायल पक्ष ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि आरोपी पक्ष के लोग पहले भी हथियार लेकर धमकियां देते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।


पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ लोग लगातार उनके घर के रास्ते से निकलते हैं और विरोध करने पर धमकी देते हैं। परिजनों के अनुसार उन्होंने पहले भी चौकी इंचार्ज को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
परिजनों ने सवाल उठाया कि यदि गोली युवक के पैर की जगह शरीर के किसी अन्य हिस्से में लग जाती और उसकी जान चली जाती तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी आरोपों की जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

