

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में सेवा, सुशासन और समर्पण को समर्पित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने की, जबकि अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी भी मौजूद रहे।


जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने कार्यक्रम में अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जनता मिलन के दौरान कुल 82 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।



मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती और अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।


जनता मिलन कार्यक्रम में रोजगार, सड़क, पेयजल, शौचालय, भूमि विवाद, सोलर स्ट्रीट लाइट, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, सुरक्षा दीवार तथा जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा जैसे जनहित से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए। अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक की समस्या का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगवाने की बात कही।

सेवा पखवाड़ा अभियान के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों तक सरकारी सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।


इसी क्रम में त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाए गए, ताकि उन्हें समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जनसुनवाई कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनता मिलन जैसे मंचों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मामले पर गंभीरता के साथ कार्रवाई करते हुए सुशासन और पारदर्शिता की भावना को मजबूत किया जाएगा।

