जनसेवा शिविर में 358 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

जनसेवा शिविर में 358 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

स्थान : नैनीताल
रिपोर्टर : संजय जोशी

जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में 358 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर अपनी सेवाएं उपलब्ध कराकर लोगों की समस्याओं का समाधान किया।

शिविर के दौरान कुल 27 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 25 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष दो मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि शिकायतकर्ताओं को जल्द राहत मिल सके।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं आयुर्वेद एवं होम्योपैथी विभाग ने भी लाभार्थियों को निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराईं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा दो पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई।

कृषि विभाग ने शिविर में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देते हुए 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि टूलकिट उपलब्ध कराने की योजना से अवगत कराया। अधिकारियों ने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़ा का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को आमजन के द्वार तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिल रही हैं।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने प्राथमिक विद्यालय पाटा खपराड़ के जर्जर भवन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने उपजिलाधिकारी नैनीताल को आपदा मद से विद्यालय के दो कक्षों के निर्माण के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक ने आश्वासन दिया कि आपदा मद से दो कक्षों का निर्माण कराया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित, पारदर्शिता और सुशासन के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना और प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेकर उसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।

शिविर में ज्येष्ठ उप प्रमुख पूनम मेहता, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, जिला बाल विकास अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, खंड विकास अधिकारी शिवम अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।