

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी 17 जुलाई को देहरादून में प्रस्तावित कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियों का जायजा लेने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल हरिद्वार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा प्रदेश के युवाओं और छात्रों की आवाज को मजबूती देने वाला साबित होगा।


गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों के हितों और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के खिलाफ जो अभियान शुरू किया है, उसकी गूंज पूरे उत्तराखंड में सुनाई देगी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल छात्रों के लिए नहीं बल्कि प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित करने का अभियान है।



उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड में बार-बार पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उनका आरोप था कि प्रदेश सरकार भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने में पूरी तरह विफल रही है और अब छात्रों के हितों में ठोस निर्णय लेना सरकार की मजबूरी बन चुका है।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि युवाओं के हक की लड़ाई का बड़ा मंच होगा। उन्होंने दावा किया कि इस दौरे से राज्य सरकार पर छात्रों से जुड़े मुद्दों पर जवाब देने का दबाव बढ़ेगा और सरकार को ठोस फैसले लेने पड़ेंगे।

गोदियाल ने बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे के कथित गड़बड़ी के मामले को लेकर भी भाजपा सरकार और बद्री-केदार मंदिर समिति पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मंदिर से जुड़े मामलों में सामने आई अनियमितताओं ने श्रद्धालुओं की आस्था को आहत किया है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।


उन्होंने सवाल उठाया कि इतने गंभीर आरोप सामने आने के बावजूद धामी सरकार ने बद्री-केदार मंदिर समिति को भंग क्यों नहीं किया। उनका कहना था कि कांग्रेस के लगातार दबाव के बाद ही मामले में कार्रवाई की गई, जबकि सरकार को शुरुआत से ही सख्त कदम उठाने चाहिए थे।


मंदिर समिति के वर्तमान अध्यक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि उनके कार्यकाल में मंदिर समिति के माध्यम से जो भी निर्णय लिए गए, वे पूरी तरह मंदिर और श्रद्धालुओं के हित में थे। उन्होंने कहा कि उनके ऊपर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं और उनका तथ्यों से कोई संबंध नहीं है।
गणेश गोदियाल ने वर्तमान अध्यक्ष को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वह 12 बजे प्रेस क्लब देहरादून में आमने-सामने आकर अपने सभी आरोपों को प्रमाण सहित सिद्ध करें। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा मंदिर समिति और सरकार से उठाए जा रहे सवालों का भी सार्वजनिक रूप से जवाब दिया जाए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई जनता के सामने आ सके।

