

स्थान : खटीमा/ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर : अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में बीते दिनों हुई फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर जांच तेज कर दी है।


खटीमा कोतवाली पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को ग्राम बरी अंजनिया निवासी चंद्र बदन जोशी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोग वाहन से उनके पास पहुंचे, गाली-गलौज की और विवाद के दौरान एक आरोपी ने तमंचे से फायरिंग कर दी। घटना में वह बाल-बाल बच गए।


शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि फायरिंग के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। तहरीर के आधार पर खटीमा कोतवाली में हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।


घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर एवं क्षेत्राधिकारी खटीमा के पर्यवेक्षण में पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई और तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए गए।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे लगभग 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

