

स्थान : रूद्रपुर / उधम सिंह नगर
रिपोर्टर : राजू सहगल

ऊधम सिंह नगर जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जवाबी कार्रवाई में वांटेड बदमाश जितेंद्र चौधरी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश जितेंद्र चौधरी 21 जून को गाबा चौक फायरिंग और 30 जून को पुलभट्टा क्षेत्र में ट्राले पर हुई फायरिंग की घटनाओं में वांछित था। पुलभट्टा फायरिंग में पीलीभीत निवासी शाइस्ता नामक महिला गोली लगने से घायल हुई थीं।



पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी एक स्थान पर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी की। इस दौरान आरोपियों ने आम के बगीचे में छिपकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।


पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें जितेंद्र चौधरी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके दो साथियों सुमित राठौर और चंदन को भी मौके से दबोच लिया, जबकि निरंजन नामक आरोपी मौके से फरार हो गया।
मुठभेड़ के बाद फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू कर दी। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।


पुलिस के अनुसार जितेंद्र चौधरी के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हत्या के प्रयास, फायरिंग और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।


ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस पूरी दृढ़ता से कार्रवाई करेगी और फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

