नियमितीकरण की मांग पर कर्मचारियों की हड़ताल जारी, आमरण अनशन चौथे दिन भी जारी

नियमितीकरण की मांग पर कर्मचारियों की हड़ताल जारी, आमरण अनशन चौथे दिन भी जारी

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

नियमितीकरण की मांग को लेकर बाजपुर नगर पालिका के दैनिक वेतनभोगी एवं संविदा कर्मचारी कलमबंद हड़ताल पर डटे हुए हैं। उत्तराखंड निकाय कर्मचारी महासंघ के शाखाध्यक्ष सीताराम तिवारी का आमरण अनशन रविवार को चौथे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

अनशन पर बैठे सीताराम तिवारी ने बताया कि वर्ष 1990 के बाद नगर निकायों में कार्यरत संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्टाफ और पर्यावरण मित्रों सहित 28 कर्मचारी स्थायी नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उनका कहना है कि कई कर्मचारी नियमितीकरण की उम्मीद में सेवानिवृत्त हो गए, जबकि कुछ का निधन भी हो चुका है।

कर्मचारियों का कहना है कि आमरण अनशन के चौथे दिन तक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी है, लेकिन अब तक कोई प्रशासनिक अधिकारी वार्ता के लिए नहीं पहुंचा। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी अनशनकारी का स्वास्थ्य परीक्षण नहीं किए जाने पर कर्मचारियों ने नाराजगी जताई।

हड़ताल का असर नगर की सफाई व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। सफाई कर्मियों के कार्य बहिष्कार के कारण घरों से कूड़ा नहीं उठ पा रहा है और नगर के विभिन्न क्षेत्रों में कूड़े के ढेर लगने शुरू हो गए हैं। बरसात के मौसम में इससे संक्रमण और बीमारियां फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।

नगर पालिका के स्थायी कर्मचारियों ने भी आंदोलन और आमरण अनशन को समर्थन दिया है। इससे नगर पालिका की कई आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, जिससे आम जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

आंदोलनकारी कर्मचारियों ने सरकार और संबंधित अधिकारियों से जल्द वार्ता कर नियमितीकरण की मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

फिलहाल नगर में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से स्थानीय लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। नागरिकों ने भी प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की है, ताकि कर्मचारियों का आंदोलन समाप्त हो और नगर की आवश्यक सेवाएं फिर से सामान्य हो सकें।