

स्थान : हल्द्वानी (नैनीताल)
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत एक मनचले आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना चोरगलिया पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए महिला का पीछा करने, अभद्र इशारे करने और धमकी देने के आरोप में आरोपी को हिरासत में लिया।


पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के दिशा-निर्देशन, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व चोरगलिया थानाध्यक्ष तारा सिंह राणा ने किया।


पुलिस ने बताया कि आरोपी मोहम्मद अली पुत्र उस्मान शाह, निवासी ग्राम बसेंगा तहसील रतना थाना नवाबगंज जिला बरेली (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी वार्ड नंबर-8 गौजाजाली थाना बनभूलपुरा जिला नैनीताल, उम्र 42 वर्ष, पर महिला का करीब दो माह से पीछा करने का आरोप है।

आरोप है कि 11 जुलाई 2026 को भी आरोपी ने महिला का पीछा किया और रास्ते में रोककर अभद्र इशारे किए। विरोध करने पर आरोपी ने महिला का हाथ पकड़ने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का प्रयास किया।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चोरगलिया में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 78, 126(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


नैनीताल पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा और महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

