खैर की लकड़ी तस्करी का विरोध करने पर युवक को मारी गोली, 17 लोगों पर आरोप

खैर की लकड़ी तस्करी का विरोध करने पर युवक को मारी गोली, 17 लोगों पर आरोप

स्थान : बाजपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

बन्नाखेड़ा चौकी क्षेत्र में खैर की लकड़ी की कथित तस्करी का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि तस्करी का विरोध करने पर कुछ लोगों ने युवक को घेरकर उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली उसकी टांग में लग गई। घायल युवक को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।

घटना ग्राम गोबरा स्थित दाबका नदी क्षेत्र की बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष के अनुसार कुछ लोग लंबे समय से उनके निजी रास्ते का इस्तेमाल कर खैर की लकड़ी की कथित तस्करी कर रहे थे। इसका विरोध करने के साथ ही कई बार पुलिस को भी शिकायत दी गई, लेकिन आरोप है कि कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

बताया जा रहा है कि रविवार को इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि आरोपी पक्ष ने मनदीप सिंह को घेर लिया और उस पर कई राउंड गोलियां चला दीं। इस दौरान एक गोली उसकी टांग में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

सूचना मिलने के बाद बन्नाखेड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पीड़ित परिवार ने संदीप उर्फ पम्मू, रमेश सिंह, अंग्रेज सिंह, मोंटी, बंटी, पवन, सतनाम सिंह, छिंदर समेत कुल 17 लोगों पर हमला और फायरिंग करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो इस घटना को टाला जा सकता था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।