खिर्सू में जनसेवा शिविर का आयोजन, अधिकारियों ने मौके पर सुनीं जनता की समस्याएं

खिर्सू में जनसेवा शिविर का आयोजन, अधिकारियों ने मौके पर सुनीं जनता की समस्याएं

स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” थीम के तहत विकासखंड खिर्सू सभागार में जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राज्यमंत्री भगवत प्रसाद मकवाना, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सेवा पखवाड़ा अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।

जनसेवा शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, शिक्षा, उद्योग, ग्रामोत्थान, सहकारिता, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, कृषि, उद्यान, सेवायोजन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, समाज कल्याण और पशुपालन सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों ने आमजन को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में आधार पंजीकरण और संशोधन की सुविधा भी उपलब्ध रही।

राज्यमंत्री भगवत प्रसाद मकवाना और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ लेने वाले लोगों का विवरण व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बाल विकास विभाग की ओर से एक शिशु का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई और दो महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 12 बालिकाओं को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत सम्मानित किया गया। महिला सुविधा के लिए स्थापित सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों का भी निरीक्षण किया गया।

शिविर में क्षेत्रवासियों ने पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं, समाज कल्याण पेंशन और श्रीनगर-खिर्सू मोटर मार्ग पर जमा मलबे सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। जिलाधिकारी ने पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लाइन सर्वे कर नई योजना का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और जरूरत पड़ने पर मरीजों को “खुशियों की सवारी” के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए गए। वहीं सड़क पर मलबा हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग को तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

जनता को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री भगवत प्रसाद मकवाना ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनसेवा शिविरों का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर से राहत दिलाना और विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ताओं को इसकी जानकारी भी दी जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी नियमित रूप से ग्राम स्तर पर उपस्थित रहकर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। साथ ही जनप्रतिनिधियों से भी पंचायत स्तर पर समस्याओं के समाधान में सहयोग की अपील की।