

स्थान – खटीमा ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर – अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा रेंज के उत्तरी बनबसा कंपार्टमेंट नंबर-5 से लगे जंगल में एक नर हाथी (टस्कर) मृत अवस्था में मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर बिजली के तार मिलने के बाद प्रथमदृष्ट्या करंट लगने से हाथी की मौत की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और एक संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है।


रविवार को शारदा नहर किनारे सुरंग के पास स्थित एक खेत में करीब 10 से 15 वर्ष आयु का टस्कर मृत पड़ा मिला। सूचना मिलते ही वन बीट आरक्षी दीपू सिंह ने अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद रेंजर हरेंद्र बिष्ट के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी।


घटना की जानकारी मिलने पर प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) हिमांशु बांगड़ी सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। हल्द्वानी से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल ने डॉ. राहुल सती की अध्यक्षता में हाथी का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत शव को दफना दिया।


वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथी के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं और उसके दोनों दांतों को नियमानुसार सुरक्षित संरक्षित कर लिया गया है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और नमूने भी एकत्र किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
प्रारंभिक जांच में घटनास्थल पर बिजली के तार मिलने से करंट लगने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि बिजली के तार किसने लगाए थे और उनमें बिजली की आपूर्ति किस माध्यम से की गई थी। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


अधिकारियों के अनुसार टस्कर की उम्र लगभग 10 से 15 वर्ष के बीच आंकी गई है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी, जिसके एक-दो दिन में मिलने की संभावना है।



वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी व्यक्ति की लापरवाही या अवैध रूप से करंट प्रवाहित तार लगाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

