

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, विधायक, मंत्री तथा संगठन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ मतदाता सूची से जुड़े विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित एसआईआर (Special Intensive Revision) प्रक्रिया के दूसरे चरण को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को इस अभियान से जोड़ने की रणनीति तैयार करना रहा।


प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया का दूसरा चरण शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि कई पात्र मतदाता अब तक इस प्रक्रिया से नहीं जुड़ पाए हैं, इसलिए पार्टी कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर के पदाधिकारियों को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रशिक्षित किया गया।


उन्होंने कहा कि बैठक में विशेष रूप से बीएलए-1 (Booth Level Agent) की भूमिका पर जोर दिया गया। उन्हें बताया गया कि किस प्रकार पात्र मतदाताओं को फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में सहयोग किया जा सकता है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में सहयोग करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लोगों को जागरूक करने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का कार्य करेंगे।


बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों और बूथ स्तर तक अभियान को मजबूत बनाने को लेकर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक क्षेत्र में मतदाता जागरूकता अभियान को गति देने का आह्वान किया गया।



प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का पूरा प्रयास रहेगा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित एसआईआर अभियान को सफल बनाने में हर संभव सहयोग दिया जाए, ताकि सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

