

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को हल्द्वानी स्थित एक होटल में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने की। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों और छात्र-युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।


बैठक में परिवहन व्यवस्था, जिम्मेदारियों के निर्धारण तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दायित्व सौंपे गए। कार्यक्रम में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।


विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ युवाओं और विद्यार्थियों को अपनी बात रखने का एक प्रभावी मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि आज का युवा शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, नवाचार, उद्यमिता और अपने भविष्य से जुड़े विषयों पर अपनी राय खुलकर व्यक्त करना चाहता है, जिसके लिए यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों के मुद्दों, समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं पर केंद्रित रहेगा। उन्होंने 30 वर्ष से कम आयु के छात्र-छात्राओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

बैठक में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अपने सुझाव दिए तथा इसे सफल बनाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक छात्र-युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने के लिए क्षेत्रवार अभियान चलाया जाएगा।

बैठक के दौरान विभिन्न पदाधिकारियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए प्रचार-प्रसार, परिवहन और समन्वय को लेकर चर्चा की। सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में विद्यार्थियों से संपर्क कर कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया गया।


बैठक में महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी के अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मधु सांगुड़ी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमंत बगड़वाल सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, पार्षद एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।

