

स्थान : हरिद्वार
रिपोर्टर : धर्मराज

बहादराबाद थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक महिला अपनी एक वर्षीय बेटी को साथ लेकर गंग नहर में कूद गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों की तलाश शुरू कर दी।


पुलिस के अनुसार परिवार कलियर थाना क्षेत्र के कोटा मुरादनगर का निवासी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि परिवार मोटरसाइकिल से बहादराबाद की ओर जा रहा था। इसी दौरान डीपीएस कॉलेज, दौलतपुर के पास किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया।


बताया जा रहा है कि विवाद के बाद महिला सविता ने मोटरसाइकिल रुकवाई और अपनी एक वर्षीय बेटी नोनी को गोद में लेकर गंग नहर में छलांग लगा दी। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलने पर बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसने गंग नहर में महिला और मासूम बच्ची की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू किया।
एसडीआरएफ के गोताखोरों और स्थानीय प्रशासन की टीमें नहर के दोनों किनारों पर लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। समाचार लिखे जाने तक महिला और बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका था।


पुलिस ने परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के संबंध में तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।


प्रशासन ने बताया कि महिला और बच्ची की तलाश के लिए अभियान जारी है। पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन के परिणाम और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।

