

स्थान : रानीखेत (द्वाराहाट)
रिपोर्टर : संजय जोशी

विकासखंड द्वाराहाट के ऐना गांव में 19 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक सागर सिंह सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था और अपनी बुआ के घर रहकर पढ़ाई व अभ्यास कर रहा था। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।


शुक्रवार देर सायं अज्ञात समय पर हमलावर घर में घुस गया और सागर सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में सागर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर उसकी बुआ जानकी देवी और चचिया सास सबुली देवी बचाव के लिए पहुंचीं, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गईं।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।


मामले में मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि गांव का ही निवासी जगत सिंह बोरा है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश हत्या की मुख्य वजह बताई गई है।
एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने बताया कि आरोपी जगत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।


पुलिस के अनुसार आरोपी मृतक सागर सिंह से लंबे समय से रंजिश रखता था। इसी रंजिश के चलते उसने सुनियोजित तरीके से घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।



इस दर्दनाक घटना से ऐना गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

