

स्थान : रानीबाग (हल्द्वानी)
रिपोर्टर : संजय जोशी

रानीबाग स्थित पवित्र चित्रशिला घाट पर संचालित की जा रही चौपाटी के विरोध में शनिवार को पहाड़ी आर्मी ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए चौपाटी को तत्काल हटाने की मांग की। प्रदर्शन के बाद सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।


ज्ञापन में पहाड़ी आर्मी ने कहा कि कत्युरी समाज की कुलदेवी माता जियारानी, पवित्र चित्रशिला घाट और मां गंगा गार्गी के तट की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा के विपरीत किसी भी प्रकार की गतिविधि स्वीकार नहीं की जाएगी। संगठन का कहना है कि इस क्षेत्र की पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।


संगठन ने प्रशासन को सात दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर चौपाटी को नहीं हटाया गया तथा मंदिर समिति की भूमि पर कथित अतिक्रमण और भूमि खुर्द-बुर्द करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो पहाड़ी हिंदू समाज के साथ मिलकर व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

पहाड़ी आर्मी के संस्थापक अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा कि यह मामला पहाड़ी हिंदुओं की धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर समिति की भूमि पर चौपाटी संचालित कर धार्मिक स्थल की गरिमा को ठेस पहुंचाई जा रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आखिर किन लोगों के संरक्षण में मंदिर समिति की भूमि का उपयोग किया जा रहा है।
हरीश रावत ने सत्ता पक्ष के कुछ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के कुछ प्रभावशाली नेताओं की नजर मंदिर समिति की भूमि पर है और चौपाटी की आड़ में भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पहाड़ी आर्मी ने मंदिर समिति की भूमि पर कथित अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही भूमि उपयोग की अनुमति देने वाले संबंधित जिला पंचायत अधिकारी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की। संगठन ने कहा कि यदि प्रशासन समय रहते कार्रवाई नहीं करता है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष राजेंद्र कांडपाल, महिला जिला अध्यक्ष प्रेम मेर, नगर अध्यक्ष कविता जीना, जिला उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह राणा, संगठन महामंत्री मोहन बोरा, महिला जिला उपाध्यक्ष, युवा जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह सालाकोटी, कार्यकारी जिला अध्यक्ष विनोद नेगी, कैलाश डालाकोटी, अनुराग भारतीय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

