

स्थान : उधम सिंह नगर
ब्यूरो रिपोर्ट

ऊधम सिंह नगर जनपद में आबकारी विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किच्छा क्षेत्र के एक गोदाम से भारी मात्रा में संदिग्ध रसायन बरामद किया है। कार्रवाई के बाद पूरे गोदाम को सील कर दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


जानकारी के अनुसार, जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र बिष्ट के निर्देशन में आबकारी विभाग के जनपदीय प्रवर्तन दल और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने किच्छा के चुटकी देवरिया क्षेत्र स्थित एक गोदाम पर छापेमारी की। इस दौरान टीम को वहां बड़ी मात्रा में संदिग्ध रसायन से भरे ड्रम मिले।



छापेमारी के दौरान गोदाम से 200 लीटर क्षमता वाले 73 ड्रम और 30 लीटर क्षमता वाले 14 ड्रम बरामद किए गए। बरामद किए गए रसायन के संबंध में टीम ने आशंका जताई है कि इसका उपयोग अवैध मादक द्रव्यों के निर्माण, भंडारण या बिक्री से जुड़े कार्यों में किया जा सकता है।


संयुक्त टीम ने मौके से बरामद रसायन के नमूने एकत्र कर उन्हें जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही रसायन की वास्तविक प्रकृति और इसके उपयोग को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कार्रवाई के बाद सुरक्षा के दृष्टिगत पूरे गोदाम को सील कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आबकारी विभाग और एसटीएफ की इस कार्रवाई के बाद अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



