

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

विकासखंड डोईवाला की सभी 38 ग्राम पंचायतों में उप प्रधान चुनाव को लेकर निर्वाचन प्रक्रिया तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान वार्ड सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न ग्राम पंचायतों में उप प्रधान पद के दावेदारों ने नामांकन प्रपत्र प्राप्त कर चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं।


नामांकन के दौरान प्रत्याशियों ने कहा कि यदि उन्हें उप प्रधान चुना जाता है तो वे गांव के समग्र विकास को प्राथमिकता देंगे। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करेंगे।


चुनाव प्रक्रिया में वार्ड सदस्यों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। विकास कार्यों और स्थानीय मुद्दों को लेकर प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी प्राथमिकताएं भी सामने रखीं। कई पंचायतों में चुनाव को लेकर माहौल उत्साहपूर्ण बना हुआ है।


डोईवाला विकासखंड के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) राकेश नेगी ने बताया कि विकासखंड की सभी 38 ग्राम पंचायतों में उप प्रधान पद के लिए 15 जुलाई को एक साथ मतदान कराया जाएगा। निर्वाचन की सभी तैयारियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि मतदान संपन्न होने के बाद उसी दिन मतगणना भी कराई जाएगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।


प्रशासन का कहना है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि निर्वाचन कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।


उप प्रधान चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्साह का माहौल है। अब सभी की निगाहें 15 जुलाई को होने वाले मतदान और उसी दिन घोषित होने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।

