

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए दून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ने के चलते पुलिस और प्रशासन ने किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून स्वयं जिले की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।


पुलिस टीमें लगातार क्षेत्रों में गश्त कर रही हैं और लाउड हेलर के माध्यम से नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क किया जा रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे तेज बहाव वाली जलधाराओं के पास न जाएं और किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं।


बारिश के कारण खतरे की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें स्थानीय लोगों से संपर्क बनाए हुए हैं और स्थिति के अनुसार आवश्यक कदम उठा रही हैं।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से नदी-नालों, पहाड़ी क्षेत्रों और भूस्खलन संभावित स्थानों की ओर जाने से बचें। साथ ही मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें लगातार चौबीसों घंटे हालात पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू करने के लिए सभी तैयारियां पूरी रखी गई हैं।


दून पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सतर्कता और सावधानी से ही बारिश के दौरान होने वाले संभावित नुकसान को कम किया जा सकता है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित विभागों को सूचना देने की अपील की गई है।

