

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून रोड स्थित दुर्गा मंदिर के सामने हाई बीम को लेकर दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। शराब के नशे में धुत दोनों पक्षों के युवक सड़क पर ही मारपीट और हंगामा करने लगे, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार देर रात दोनों पक्षों के वाहन आमने-सामने आए, जहां हाई बीम को लेकर विवाद शुरू हुआ। कुछ ही देर में कहासुनी बढ़ गई और दोनों पक्षों के युवक सड़क पर उतरकर एक-दूसरे से हाथापाई करने लगे। हंगामे के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।



घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन शराब के नशे में होने के कारण वे शांत नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए सभी उपद्रवियों को हिरासत में ले लिया।


पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही विवाद में शामिल दोनों वाहनों को भी सीज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित कर यातायात को सामान्य कराया।

प्रभारी निरीक्षक यशपाल बिष्ट ने बताया कि गिरफ्तार युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर कानून-व्यवस्था भंग करने और हंगामा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते पुलिस के पहुंचने से बड़ा विवाद टल गया। उन्होंने मांग की कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करने वालों के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाए।


पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और तुरंत पुलिस को सूचना दें। साथ ही यातायात नियमों का पालन करते हुए संयमित व्यवहार अपनाने की भी सलाह दी गई है।

