

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुंजा-ग्रांट गांव के पास अचानक एक सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि स्टेयरिंग जाम होने के कारण एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खेतों में जा पलटा।


हादसे के समय वाहन में महिला और बच्चों समेत एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। परिवार चंडीगढ़ से अपने घर पौड़ी गढ़वाल जा रहा था। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।



घटना में वाहन सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है।


हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई धर्मावाला टोल प्लाजा डिवीजन की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो वाहन को खेत से बाहर निकाला।

समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मामले की जानकारी जुटा रही है।


