उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, कई जिलों में अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी

उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, कई जिलों में अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने एक बार फिर राज्य के कई जिलों के लिए भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार आज देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में अत्यंत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली सहित अन्य जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि 10 जुलाई के लिए भी मौसम विभाग ने नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा देहरादून, पौड़ी और बागेश्वर जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि राज्य के शेष जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार वर्षा के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कें बाधित होने की घटनाएं हो सकती हैं। वहीं मैदानी क्षेत्रों में जलभराव, नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने तथा यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।

प्रशासन ने सभी जिलों के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि आगामी दिनों में भी प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। उन्होंने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।