

लोकेशन : डोईवाला (देहरादून)
ब्यूरो रिपोर्ट

पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय किसान सैनिक एकता मंच की ओर से बुधवार को डोईवाला तहसील परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।


कार्यक्रम में डोईवाला के उपजिलाधिकारी और डोईवाला विधायक बृज भूषण गैरोला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों ने स्वयं पौधे लगाकर लोगों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।


पौधारोपण अभियान के आयोजक दरपान बोरा पिछले कई वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अब तक विभिन्न क्षेत्रों में हजारों पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का प्रयास किया है। उनके इस अभियान की कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने सराहना की।


उपजिलाधिकारी ने दरपान बोरा के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यकर्ता समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
विधायक बृज भूषण गैरोला ने कहा कि दरपान बोरा द्वारा चलाया जा रहा पौधारोपण अभियान अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में नियमित रूप से पौधे लगाए और उनका संरक्षण करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और हराभरा वातावरण मिल सकेगा।


कार्यक्रम के दौरान भारतीय किसान सैनिक एकता मंच के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर तहसील परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।


वक्ताओं ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण की चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर पौधारोपण और वृक्ष संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने की अपील की।

