

स्थान : दिनेशपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

दिनेशपुर थाना परिसर में आयोजित थाना दिवस कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने जनता की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान एसएसपी का जनता से संवाद करने का अलग अंदाज देखने को मिला।


थाना दिवस में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे। एसएसपी ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



कार्यक्रम की खास बात यह रही कि एसएसपी अजय गणपति ने बंगाली समाज के लोगों से उनकी मातृभाषा बांग्ला में संवाद किया। अपनी भाषा में पुलिस अधिकारी से बातचीत होने पर लोगों ने सहज होकर अपनी समस्याएं रखीं और खुलकर अपनी बात पुलिस के सामने रखी।


एसएसपी ने कहा कि थाना दिवस का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका वास्तविक समाधान धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी है कि आमजन को न्याय और सुरक्षा का भरोसा मिले। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए समय पर कार्रवाई की जाए, जिससे लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो।

थाना दिवस के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में सहयोग करने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की पहल की सराहना की।


एसएसपी अजय गणपति ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में भी इस तरह के जनसंवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं, ताकि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।

