

स्थान : हल्द्वानी (भीमताल)
रिपोर्टर : संजय जोशी

भीमताल से विधायक एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक के भीड़ापानी, नरतोला, झूपली बाझ, पतलोट और भद्रेठा गांवों का दौरा किया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने ग्रामीणों और भाजपा पदाधिकारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।


दौरे के दौरान ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मौके से ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए और कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा।



मंत्री कैड़ा ने कहा कि जिन गांवों तक अभी सड़क सुविधा नहीं पहुंच सकी है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेज-4 के अंतर्गत शामिल कर प्रस्ताव भारत सरकार को भेज दिए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्तावों को जल्द स्वीकृति मिलने के बाद इन क्षेत्रों को भी सड़क संपर्क से जोड़ने का कार्य शुरू किया जाएगा।


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक विकास की मुख्यधारा पहुंचाना है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।


उन्होंने कहा कि क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के समन्वय से विकास कार्यों को गति दी जा रही है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में बुनियादी सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध हो सकें।



