

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत हरिद्वार के ऋषिकुल ऑडिटोरियम में जनसमस्या समाधान एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, लाभार्थियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।


कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी लोगों के साथ साझा की गई।



कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेशभर में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम आईडीपीएल, ऋषिकेश में आयोजित किया गया है, जबकि सभी जिलों में भी इसी क्रम में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास की संभावनाओं को नई दिशा मिली है। उनके अनुसार सरकार ने पिछले पांच वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए हैं।
मदन कौशिक ने दावा किया कि सरकार ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया है। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित और विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।


कार्यक्रम के अंत में सरकार की ओर से सेवा, सुशासन और समर्पण के संकल्प को दोहराते हुए कहा गया कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास और आम जनता के हित में कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

