विनोद कश्यप हत्याकांड: कोतवाल पर आरोपों से गरमाई सियासत, निष्पक्ष जांच की मांग

विनोद कश्यप हत्याकांड: कोतवाल पर आरोपों से गरमाई सियासत, निष्पक्ष जांच की मांग

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

विकासनगर के बैरागीवाला में भाजपा नेता विनोद कश्यप हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला हत्या की जांच से अधिक सहसपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत पर लगे आरोपों को लेकर चर्चा में है। पीड़ित परिवार और कई हिंदूवादी संगठनों ने कोतवाली घेराव का आह्वान किया, जिसके चलते पूरे सहसपुर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए सहसपुर कोतवाली परिसर और आसपास के इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। विकासनगर, सहसपुर और सदर के पुलिस क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

मृतक विनोद कश्यप के परिजनों का आरोप है कि सहसपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने उन पर समझौते का दबाव बनाने का प्रयास किया। परिवार का कहना है कि इस वजह से उनका पुलिस की कार्यप्रणाली पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कोतवाल को तत्काल हटाने और पूरे प्रकरण की जांच किसी अन्य अधिकारी से कराने की मांग की है।

परिजनों का कहना है कि उन्हें निष्पक्ष जांच की उम्मीद है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शन में शामिल संगठनों ने भी मामले की पारदर्शी जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

वहीं, सहसपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पीड़ित परिवार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम गठित की जाएगी, जो सभी पहलुओं की वस्तुनिष्ठ जांच करेगी।

सीओ अनुज कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया समझौते का दबाव बनाने के आरोप सही प्रतीत नहीं होते, लेकिन पुलिस किसी भी आरोप को हल्के में नहीं ले रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, भाजपा नेता विनोद कश्यप हत्याकांड में नामजद 12 आरोपियों में से 9 को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष तीन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।