मंगलौर गौकशी की सूचना पर हड़कंप, छापेमारी में 2 कुंतल गोमांस बरामद, आरोपी फरार

मंगलौर गौकशी की सूचना पर हड़कंप, छापेमारी में 2 कुंतल गोमांस बरामद, आरोपी फरार

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की मंगलौर क्षेत्र में देर रात अज्ञात लोगों द्वारा गौकशी किए जाने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर छापेमारी की कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने लगभग 2 कुंतल गोमांस बरामद किया, हालांकि इस दौरान आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और चर्चा का माहौल बना रहा।

सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता एकत्र हो गए और उन्होंने मंगलौर चौकी प्रभारी नितिन बिष्ट से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं ने मामले में त्वरित कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि मंगलौर क्षेत्र में अवैध रूप से गौकशी और मांस कटान की गतिविधियां की जा रही हैं। उनका कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियां निर्धारित स्लॉटर हाउस के बजाय अवैध रूप से घरों में की जा रही हैं।

आरोप यह भी है कि कुछ लोग फर्जी बिलों के माध्यम से मांस को बाजार में सप्लाई कर रहे हैं, जिससे अवैध कारोबार को बढ़ावा मिल रहा है। कार्यकर्ताओं ने इस पूरे नेटवर्क की जांच की मांग की है।

पुलिस और हिंदू जागरण मंच की संयुक्त कार्रवाई के दौरान मौके से बरामद गोमांस को जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

चौकी प्रभारी नितिन बिष्ट ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।