

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून “ऑपरेशन प्रहार” के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में अब किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।


इसी क्रम में रायवाला पुलिस द्वारा पिछले दो दिनों में क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, सड़क किनारे खुले में तथा वाहनों में बैठकर शराब पीने और पिलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई।



पुलिस कार्रवाई के दौरान कुल 22 व्यक्तियों को मौके से पकड़कर थाने लाया गया। सभी से पूछताछ की गई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने सभी व्यक्तियों को भविष्य के लिए सख्त हिदायत दी और कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की गतिविधियां कानूनन दंडनीय हैं तथा इससे समाज में असुविधा और असुरक्षा का माहौल बनता है।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन बनाए रखना और नशे की स्थिति में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। शराब पीकर वाहन चलाना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।

रायवाला पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह की चेकिंग आगे भी लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाए जाएं, ताकि कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
दून पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अवैध या असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

